◆ शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, मार्च 2026 तक नक्सलवाद का समूल नाश” – मुख्यमंत्री
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल श्री सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी परिसर पहुंचकर शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया एवं कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “शहीद मेहुल भाई की वीरता और देशभक्ति चिरस्मरणीय रहेगी। उनका बलिदान राष्ट्र की रक्षा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक वर्ष में नक्सल विरोधी अभियान ने तीव्र गति पकड़ी है और सुरक्षाबलों ने कई अहम सफलताएं प्राप्त की हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि “मार्च 2026 तक नक्सलवाद का समूल नाश किया जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और राज्य सरकार शहीद परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।