दुर्ग। भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित “सिंदूर शौर्य यात्रा एवं सभा” का आयोजन राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच, दुर्ग जिला द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नागरिकों को भारतीय सेना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करेगा।
कार्यक्रम शनिवार, 24 मई 2025 को आयोजित होगा। शौर्य यात्रा का शुभारंभ राजेन्द्र पार्क चौक, दुर्ग से शाम 4.00 बजे किया जाएगा। आयोजकों ने सभी राष्ट्रभक्तों से समय पर पहुंचने का अनुरोध किया है।
राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच के प्रतिनिधियों ने बताया कि “ऑपरेशन सिंदूर” ने सम्पूर्ण देश को गौरव और गर्व से भर दिया है। यह यात्रा हमारे जवानों के अदम्य साहस को नमन करने तथा उनके उत्साहवर्धन का प्रतीक बनेगी।
आयोजन समिति से जुड़े हलधर महमल्ला ने बताया कि कार्यक्रम में मातृशक्ति की अधिकतम उपस्थिति का विशेष आग्रह किया गया है, ताकि नारी शक्ति की भागीदारी भी इस राष्ट्रगौरव के क्षण को और अधिक गरिमा प्रदान कर सके।