रायपुर, 7 दिसंबर 2025। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान ब्रिगेडियर शर्मा ने मुख्यमंत्री को सशस्त्र सेना झंडा दिवस का प्रतीक ‘सम्मान बैज’ लगाया और सैनिक कल्याण संचालनालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा,“सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे बहादुर सैनिकों, शहीद परिवारों और उनके अद्वितीय त्याग के प्रति आभार व्यक्त करने का पावन अवसर है। देश की सुरक्षा में तैनात हमारे सैनिकों का योगदान अतुलनीय है, और हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनके कल्याण हेतु सहयोग का हाथ बढ़ाएं।” मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं शहीद परिवारों के कल्याण के लिए अपनी ओर से अंशदान भी किया। इस दौरान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित रहे।