
सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता का बनेगा विराट उत्सव, हजारों शिवभक्त होंगे शामिल
पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें 17 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे। जितेन्द्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को यात्रा की रूपरेखा, तैयारियों तथा आयोजन के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार को पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता से भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा, अनुशासन और जनआस्था का विराट उत्सव है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल चलकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
समिति की ओर से बताया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा सहायता, पेयजल, भोजन, विश्राम, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए बोल बम कांवर यात्रा समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को समाज में एकता और आस्था का प्रतीक बताते हुए आयोजन की सफलता की कामना की। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलने वाली इस भव्य कांवर यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने की अपील की है।