मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, बोले- समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य होता है हासिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, बोले- समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य होता है हासिल

रायपुर, 3 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य, करियर की योजनाओं और रुचियों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उनके आत्मविश्वास और ऊंचे सपनों की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी बड़े लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा से उन्हें पाने का प्रयास करते हैं, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़े और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगी और उत्कृष्टता की नई संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *