
उपमुख्यमंत्री बोले- जांच में सामने आए कई अहम तथ्य, सभी घुसपैठियों की होगी गिरफ्तारी और कानूनी प्रक्रिया के बाद किया जाएगा डिपोर्ट
रायपुर, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर में पकड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठियों और कथित आईएसआई नेटवर्क की जांच को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निगरानी वह स्वयं कर रहे हैं और जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ बांग्लादेशी घुसपैठियों ने फर्जी तरीके से भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वे भारत और बांग्लादेश के बीच लगातार आवाजाही कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। सभी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर गिरफ्तार किया जाएगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें देश से बाहर भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घुसपैठ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान को और अधिक सख्ती से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल आरोपियों की संख्या बताना उचित नहीं होगा। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचेगी। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।