
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि लोगों की सेवा का अवसर ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस विश्वास पर खरा उतरते हुए आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना से प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। सौजन्य मुलाकात के दौरान सुश्री सुष्मिता सिंह, सुश्री वैभवी अग्रवाल, सुश्री दर्शना सिंह बघेल, श्री रौनक अग्रवाल, श्री अजय गुप्ता, श्री अंकित सकनी, श्री डायमंड ध्रुव एवं श्री संजय डहरिया सहित उनके परिजन उपस्थित रहे।