
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय के भीतर हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने एक किन्नर की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसकी साथी किन्नर रिया को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद गुरु-चेला परंपरा को लेकर शुरू हुआ था, जो शराब पार्टी के बाद हिंसक हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका तन्नू खान अपने साथियों के साथ जॉकी गांव की ओर पिकनिक मनाने गई थी। पिकनिक के दौरान सभी ने शराब पी। इसी बीच तन्नू और रिया के बीच कहासुनी शुरू हो गई। जांच में पता चला कि तन्नू, रिया से खुद को गुरु मानने और परंपरा के अनुसार चेला बनने की बात कह रही थी, जबकि रिया ने इससे इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों वहां से निकल गए। एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान रिया ने तन्नू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सकरी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर रिया को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, चप्पल और चार्जर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।