
पाटन। समग्र शिक्षा, जिला शिक्षा विभाग एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दुर्ग के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तरीय पठनवार प्रतियोगिता-2026 का आयोजन DRS, SAGES (बालक) पाटन में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्पीड रीडिंग, स्टोरी टेलिंग, मैथ मैजिक, स्पीड कैलकुलेशन एवं क्विज बैटल सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही उनकी सीखने, सोचने और आगे बढ़ने की क्षमता को मजबूत करती हैं।
श्रीमती नायक ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। पठन-पाठन बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित पठन से बच्चों की समझ, कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सीखने की प्रक्रिया और अपने भीतर आत्मविश्वास पैदा करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, लगन और जिज्ञासा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निवकी भाले, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेन्द्र देवांगन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।