
पाटन। दुर्ग पुलिस विभाग में हुए तबादलों के बाद पाटन थाने की कमान अब युवराज साहू को सौंपी गई है। यातायात विभाग में पदस्थ रहे युवराज साहू ने सोमवार को पाटन थाना पहुंचकर विधिवत थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण किया। वहीं, पूर्व थाना प्रभारी राजेश मिश्रा का तबादला पद्मनाभपुर थाना किया गया है।
पदभार संभालते ही थाना प्रभारी युवराज साहू ने थाने में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, लंबित प्रकरणों, कानून-व्यवस्था तथा क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों की जानकारी ली। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और संवेदनशील स्थानों के संबंध में भी स्टाफ से फीडबैक लिया। बैठक के दौरान उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा।नए थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ से टीम भावना के साथ जिम्मेदारी निभाने और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता बरतने पर जोर दिया। युवराज साहू के पदभार ग्रहण करने के साथ ही पाटन क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।