चिरायु योजना ने बदली मासूम देविक की दुनिया, अब सुन पा रहा है अपनों की आवाज ! आर्थिक तंगी बनी थी बाधा, सरकार की मदद से सफल हुआ महंगा इलाज

चिरायु योजना ने बदली मासूम देविक की दुनिया, अब सुन पा रहा है अपनों की आवाज ! आर्थिक तंगी बनी थी बाधा, सरकार की मदद से सफल हुआ महंगा इलाज

मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना और आरबीएसके की मदद से हुआ सफल कॉक्लियर इम्प्लांट, तीन वर्षीय बच्चे को मिला नया जीवन
रायपुर। राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं गंभीर बीमारियों और जन्मजात समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के लिए नई उम्मीद बन रही हैं। मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड के ग्राम चैनपुर निवासी तीन वर्षीय देविक कुमार यादव का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट कर उसे सुनने की नई दुनिया से जोड़ा गया है। जन्म से ही गंभीर श्रवण समस्या से पीड़ित देविक लगभग सुन नहीं पाता था। परिजनों ने कई विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क किया और अन्य राज्यों में भी जांच कराई, लेकिन उपचार की अत्यधिक लागत उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इसी दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान समस्या की पहचान कर परिजनों को चिरायु योजना के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क उपचार की जानकारी दी।

आरबीएसके टीम के समन्वय से देविक को रायपुर स्थित एम्स में रेफर किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच के बाद 25 फरवरी 2026 को उसका सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया गया। ऑपरेशन के बाद अब उसकी श्रवण क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और वह अपने आसपास की आवाजों को सुनने एवं पहचानने लगा है। देविक के पिता पुरंदर यादव ने बताया कि आर्थिक स्थिति के कारण इस महंगे उपचार की कल्पना करना भी संभव नहीं था, लेकिन चिरायु योजना ने उनके बेटे के जीवन में नई रोशनी ला दी। उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके बच्चे के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया है।

विशेषज्ञों के अनुसार कॉक्लियर इम्प्लांट एक उन्नत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण है, जो जन्मजात श्रवण बाधित बच्चों को सुनने, समझने और बोलना सीखने में मदद करता है। समय पर उपचार मिलने से बच्चों के भाषा विकास, शिक्षा और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव संभव हो पाता है। राज्य में संचालित मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना और चिरायु कार्यक्रम दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं बच्चों तक पहुंच रही हैं और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *