रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) के फिल्म निर्माता और डायरेक्टर मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद शुक्रवार (23 जनवरी) को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पीड़िता की लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि मोहित साहू उसे उज्जैन ले गया था, जहां उससे शादी की। बाद में उसने दूसरी शादी होने की बात कहकर इस रिश्ते से मुकर गया। जब युवती ने दूसरी शादी का विरोध किया, तो मोहित साहू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। यह पूरा मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट के ब्लॉक-410 का बताया जा रहा है। 22 जनवरी को हुई इस घटना के बाद युवती लहूलुहान हालत में पुरानी बस्ती थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने की बात कही। पुलिस ने उसे तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज किया गया।
पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के भीतर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की पुष्टि होती है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें युवती के सिर से खून बहता साफ नजर आ रहा है। वीडियो को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कॉलोनी के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ते देख मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगी, ताकि मामला बाहर न जाए। इस व्यवहार का स्थानीय लोगों ने भी विरोध किया। फिलहाल आरोपी फिल्म निर्माता मोहित साहू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शीलआदित्य सिंह ने बताया कि युवती अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी है, लेकिन अब तक उसने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।