नक्सली हमले में शहीद एएसपी गिरपुंजे के सम्मान में झुका पूरा प्रदेश,सीएम साय ने कहा,अदम्य साहस और निष्ठा का प्रतीक था यह बलिदान, सरकार परिवार के साथ खड़ी है

रायपुर। सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए एडिशनल एसपी आकाश राव गिरपुंजे को राजधानी रायपुर में नम आंखों से अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं रायपुर स्थित उनके निवास पहुंचे और पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “शहीद गिरपुंजे ने अपने कर्तव्य के प्रति असाधारण साहस, निष्ठा और समर्पण का परिचय दिया। यह बलिदान छत्तीसगढ़ की पुलिस बल के लिए प्रेरणा है। राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।” मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री श्री केदार कश्यप, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन्स) श्री विवेकानंद सिन्हा भी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अंतिम दर्शन के दौरान गमगीन हुआ माहौल

शहीद गिरपुंजे का पार्थिव शरीर जैसे ही तिरंगे में लिपटा हुआ रायपुर स्थित उनके निवास पहुंचा, वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। उनके परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान श्रद्धांजलि देने पहुंचे। पत्नी की चीख-पुकार और बच्चों का रुदन हर किसी का दिल दहला गया। पार्थिव शरीर से लिपटकर बिलखती पत्नी का दृश्य हृदयविदारक था।

नक्सली हमले को लेकर हाई लेवल बैठक

मुख्यमंत्री साय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गृह विभाग के आला अधिकारियों की उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाई। बैठक में नक्सली हमले की विस्तृत जानकारी ली गई और सुरक्षा रणनीतियों पर समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस घटना में शामिल नक्सलियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

घायल जवानों से अस्पताल में जाकर की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने नक्सली हमले में घायल हुए जवानों से अस्पताल जाकर मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *