एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए सीएम साय, कहा-2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका अहम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद बैठक के अंतर्गत नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।” उन्होंने कहा कि भारत में विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है और 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री साय ने एबीवीपी को विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बताते हुए छत्तीसगढ़ में उसकी राष्ट्रीय बैठक के आयोजन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना विकास अधूरा है और छत्तीसगढ़ में आईआईटी, एम्स, ट्रिपल आईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे शीर्ष संस्थान युवाओं को श्रेष्ठ शिक्षा दे रहे हैं। नई शिक्षा नीति के तहत राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 200 सीटों तक बढ़ा दी गई है और प्रदेश भर में नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं, जहां छात्र शांत वातावरण में पढ़ाई कर सकेंगे। राज्य में अब मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में भी संभव हो रही है, साथ ही प्राथमिक शिक्षा मातृभाषाओं—गोंडी, हल्बी आदि—में दी जा रही है।

उन्होंने प्रदेश की नई औद्योगिक नीति की चर्चा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण और एआई डाटा सेंटर जैसे उच्च तकनीकी क्षेत्रों में कार्य शुरू हो चुका है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने सुशासन तिहार की प्रगति पर भी प्रकाश डाला और बताया कि डेढ़ साल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों का फीडबैक जनता से लिया जा रहा है। तृतीय चरण में वे स्वयं जनसमुदाय से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना जैसी गारंटियों को धरातल पर उतारा गया है। महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पीएससी में हुए भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई को सौंपी गई है और युवाओं के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ई-गवर्नेंस और डिजिटाइजेशन की ओर तेज़ी से बढ़ रही है, जिससे शासन में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक किरण देव, विधायक मोतीलाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *