बिलासपुर में 23 संदिग्धों की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान—‘बांग्लादेशी होने का प्रमाण मिला तो करेंगे डिपोर्ट,झीरम फैसले पर भी बोले

बिलासपुर में 23 संदिग्धों की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान—‘बांग्लादेशी होने का प्रमाण मिला तो करेंगे डिपोर्ट,झीरम फैसले पर भी बोले


सिरगिट्टी में STF की कार्रवाई के बाद सभी संदिग्ध रायपुर डिटेंशन सेंटर में; नागरिकता और दस्तावेजों की जांच जारी

रायपुर,7 सितंबर 2026। बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में कथित बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को बांग्लादेशी नागरिक घोषित नहीं किया जाएगा। जांच में यदि किसी व्यक्ति के बांग्लादेशी नागरिक होने का प्रमाण मिलता है, तो नियमानुसार उसे डिपोर्ट किया जाएगा। दरअसल, सिरगिट्टी क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कार्रवाई करते हुए 23 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान इन लोगों के भारत में रहने से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद सभी संदिग्धों को फिलहाल रायपुर के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

नागरिकता और दस्तावेजों की जांच जारी

पुलिस एवं संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान, नागरिकता और भारत में रहने से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। यदि जांच में बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार डिपोर्ट की कार्रवाई की जाएगी।

झीरम फैसले पर भी CM साय ने रखी बात

झीरम कांड के न्यायालयीन फैसले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह मामला करीब 13 वर्षों तक चला और अदालत में 100 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि झीरम कांड में छत्तीसगढ़ के कई नेतृत्वकर्ताओं की जान गई थी, जिसका सभी को दुख है। विपक्ष द्वारा फैसले पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विपक्ष सत्ता में था, तब झीरम कांड से जुड़े सबूत होने की बात कही गई थी। यदि उनके पास ऐसे सबूत थे तो उन्हें NIA के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए था। अब न्यायालय का फैसला आने के बाद न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया जाना चाहिए।

महतारी वंदन योजना को लेकर नारी शक्ति को बताया पूजनीय

महतारी वंदन योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति सदैव पूजनीय रही है। उन्होंने महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनके हितों के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *