प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर हिंदू संगठन का विरोध; पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर हिंदू संगठन का विरोध; पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

किराये के मकान में चल रही सभा का किया विरोध, दोनों पक्षों में नारेबाजी से बढ़ा तनाव; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में रविवार को किराये के मकान में आयोजित की जा रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। प्रार्थना सभा की जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए धर्मांतरण का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रार्थना सभा की आड़ में ग्रामीणों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विरोध के दौरान मौके पर दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच का दिया आश्वासन

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच भी बहस की स्थिति बनी। संगठन के कार्यकर्ता कथित धर्मांतरण के मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मौके पर स्थिति शांत हुई। पुलिस अब प्रार्थना सभा के आयोजन, इसमें शामिल लोगों और लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रार्थना सभा में नियमों का उल्लंघन हुआ था या धर्मांतरण संबंधी आरोपों में कितनी वास्तविकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *