
रायपुर, 22 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां के प्रति सम्मान और भारतीय संस्कृति में मां के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावपूर्ण वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने कविता की पंक्तियों के माध्यम से मां की ममता, करुणा, त्याग और जीवन में उनके महत्व को अभिव्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने अपनी पोस्ट में लिखा—
“मां है ममता, मां है करुणा, मां जीवन का आधार है,
मां के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है।
मां का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा,
मां का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।”
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में किसी राजनीतिक व्यक्ति का नाम नहीं लिया। हालांकि, उनका यह संदेश ऐसे समय सामने आया है जब इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक हास्य प्रस्तुति को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने और प्रस्तुति में उनकी माताजी से जुड़े प्रसंग को शामिल किए जाने पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है। इसी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री साय द्वारा मां के सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को केंद्र में रखकर साझा किया गया संदेश राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर किसी व्यक्ति या घटना पर टिप्पणी करने के बजाय मां के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक मर्यादा की बात कही।
ओम व्यास की कविता का वीडियो भी किया साझा
मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय कवि ओम व्यास की मां पर केंद्रित काव्य रचना का वीडियो भी साझा किया। रचना में मां के त्याग, ममता, वात्सल्य और संतान के जीवन में उनके महत्व को अभिव्यक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के संदेश में मां को केवल पारिवारिक रिश्ते के रूप में नहीं, बल्कि ममता, करुणा, त्याग और संस्कार के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से मां के प्रति सम्मान को भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादा से जोड़ा।
राजनीतिक विवाद के बीच सांस्कृतिक संदेश
इंदौर के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं की आपत्तियों और विपक्ष की ओर से सामने आ रही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच मुख्यमंत्री साय की पोस्ट को इसी व्यापक विवाद की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री की पोस्ट में राहुल गांधी अथवा किसी अन्य राजनीतिक नेता का नाम नहीं है।