
रायपुर, 22 सितंबर 2026। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल सरकारी आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक सहयोग का व्यापक माध्यम बनाया जाए। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए।
26 प्रमुख केंद्रीय योजनाओं का मिलेगा लाभ
मुख्य सचिव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों में केंद्र शासन की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों की जानकारी अद्यतन रखने तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत होंगे व्यापक कार्यक्रम
23 से 25 सितंबर तक प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्या दान, शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, अंगदान एवं देहदान, सामाजिक सुरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों में एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवकों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों और ‘मेरा युवा भारत’ सहित विभिन्न संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी गतिविधियों को फोटोग्राफ्स सहित माय भारत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
अंगदान-देहदान करने वाले परिवार होंगे सम्मानित
मुख्य सचिव ने अंगदान एवं देहदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश देते हुए ऐसे परिवारों को सम्मानित करने कहा, जिन्होंने अपने परिजनों के माध्यम से अंग या देहदान का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने अंगदान से लाभान्वित परिवारों को भी कार्यक्रमों में शामिल कर उनके अनुभव साझा कराने तथा अभियान को निरंतर जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के साथ 10 हजार पौधरोपण का लक्ष्य
हरित छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के साथ स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दान उत्सव में जरूरतमंदों तक पहुंचेगा सहयोग
23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकायों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प एवं दान उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें महा रक्तदान, स्वास्थ्य जांच शिविर, अन्नदान, गरिमा किट वितरण, जल संरक्षण, जलस्रोतों की सफाई, प्लास्टिक उन्मूलन, बुक ट्री, स्कूल किट और वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग जैसी गतिविधियां होंगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दान उत्सव का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचे। सामाजिक संस्थाओं और समितियों को सक्रिय रूप से जोड़कर इन गतिविधियों को केवल अभियान अवधि तक सीमित न रखते हुए आगे भी संस्थागत रूप देने पर जोर दिया गया।
सेवा सेतु शिविरों में आवेदनों का समयबद्ध निराकरण
मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों के व्यवस्थित संकलन, परीक्षण और निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिविरों को परिणाम आधारित बनाया जाए। अधिकारियों को प्रोएक्टिव होकर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
“आप जिले के लीडर हैं”, कलेक्टरों को प्रभावी नेतृत्व की जिम्मेदारी
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि “आप जिले के लीडर हैं”, इसलिए अपने-अपने जिलों में अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें। अभियान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को गूगल शीट में दर्ज कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
गिरदावरी में शुद्धता, JJM और स्वच्छ भारत मिशन पर विशेष जोर
वीडियो कॉन्फ्रेंस में फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए तहसीलदारों और पटवारियों के कार्यों की लगातार निगरानी करने कहा गया। वहीं जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा 15 अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नल कनेक्शन और उन्हें क्रियाशील करने की प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के लिए उप अभियंताओं की कमी दूर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य निर्माण विभागों के उप अभियंताओं की ड्यूटी लगाने को कहा गया। कलेक्टरों को साप्ताहिक समीक्षा के साथ स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों और रिपोर्टिंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी संभागायुक्त, कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।