रायपुर । प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि “खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वह शोक संतप्त परिवारों को यह असीम पीड़ा सहन करने की शक्ति दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए जिला प्रशासन को अलर्ट किया है।
राज्य सरकार ने हादसे में मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
घटना के तुरंत बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य प्रारंभ किए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।