रायपुर, 25 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, पारदर्शी प्रशासन और सर्वांगीण विकास की उनकी सोच आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अटलजी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और करुणा से भरे जननायक थे, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी शासन-नीति का आधार है। छत्तीसगढ़ सरकार भी उन्हीं विचारों से प्रेरित होकर प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था और समयबद्ध सेवाओं की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन को सशक्त बनाने, जनविश्वास की पुनर्स्थापना और समावेशी विकास की यह यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों से निरंतर ऊर्जा प्राप्त कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन में आत्मसात करें और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।