दुर्ग में खिला रंग-बिरंगा पुष्पोत्सव: राजेन्द्र पार्क में आठवां फ्लावर शो शुरू, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित आठवां फ्लावर शो शनिवार को राजेन्द्र पार्क में बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ प्रारंभ हुआ। सुबह 11 बजे शुभारंभ होते ही पूरा पार्क रंग-बिरंगे फूलों की छटा से खिल उठा। सुबह से देर रात तक हजारों नागरिकों की भीड़ उमड़ती रही। परिवार, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने इस पुष्प उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
ऑपरेशन सिंदूर’ रंगोली बनी मुख्य आकर्षण
फ्लावर शो में “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर तैयार की गई विशाल फूलों की रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्राकृतिक रंगों और पुष्प सज्जा से सजी इस रंगोली के सामने सेल्फी और फोटो लेने वालों की होड़ लगी रही।
फूलों का मनमोहक संसार
प्रदर्शनी में सैकड़ों प्रजातियों के पुष्पों को कलात्मक ढंग से सजाया गया। फूलों से बनी आकर्षक आकृतियां, प्राकृतिक संरचनाएं और विविध मॉडल आगंतुकों को खूब भाए। फूलों की सुगंध और साज-सज्जा ने पूरे राजेन्द्र पार्क को उत्सव स्थल में बदल दिया।
बच्चों की प्रतिभा ने बढ़ाई रौनक
बच्चों के लिए आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सुंदर चित्र प्रस्तुत किए गए। वहीं चाक से दीया निर्माण जैसे स्टॉलों पर बच्चों की लंबी कतारें नजर आईं, जिससे आयोजन और भी जीवंत हो उठा।
लोक संस्कृति और संगीत की छटा
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल आनंदमय हो गया।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, महापौर अल्का बाघमार, आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
पर्यावरण संदेश और विविध व्यंजन
फ्लावर शो में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई। शासन की योजनाओं पर आधारित मॉडल और पारंपरिक कला स्टॉलों ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं विविध व्यंजनों के स्टॉलों पर भी लोगों की भारी भीड़ देखी गई। नगर निगम द्वारा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *