जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र की विभिन्न सेवा सहकारी समितियों के प्राधिकृत अध्यक्षों ने सोमवार को धान खरीदी व्यवस्था में सुधार हेतु प्रमुख मांगों के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हृदयेश शर्मा एवं डीएमओ को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला भाजपा महामंत्री दुर्ग दिलीप साहू एवं जामगांव आर भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में किसानों की उपज पहले की तुलना में लगातार बढ़ रही है, ऐसे में समितियों में प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट बढ़ाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को टोकन मिल सके और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
इसके साथ ही नेताओं ने धान परिवहन उठाव (लिफ्टिंग) जल्द प्रारंभ करने की माँग रखी, ताकि समितियों में खरीदा गया धान समय पर उठाव होकर भंडारण व्यवस्था सुरक्षित रह सके तथा समर्थन मूल्य पर खरीदी निर्बाध रूप से जारी रहे।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से
भगवान सिंह चंद्राकार, तेजेन्द्र पिपरिया, रुप सिंह सिन्हा, संजय चंद्राकर, राजेश बंछोर, योगेश्वर साहू, बिनोद ठाकुर, बुध्ददेव चंद्राकर, पारखत साहू, तामन सिंह साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।