यूनिटी मार्च 2025 के लिए छत्तीसगढ़ के 68 युवा नागपुर रवाना: सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी, पीएम मोदी संग करेंगे पैदल मार्च

यूनिटी मार्च 2025 के लिए छत्तीसगढ़ के 68 युवा नागपुर रवाना: सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी, पीएम मोदी संग करेंगे पैदल मार्च

रायपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च 2025 के लिए छत्तीसगढ़ के 68 चयनित युवा मंगलवार को नागपुर के लिए रवाना हुए। ये युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एकता और अखंडता का संदेश देते हुए पैदल मार्च फॉस्ट करेंगे। रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित भव्य विदाई समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस दौरान डिप्टी सीएम एवं खेल मंत्री अरुण साव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में ‘भारत की एकता जिंदाबाद’ और ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारे गूंजते रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा— “हमारे प्रदेश के युवा सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश लेकर राष्ट्रीय यात्रा पर निकले हैं। लौह पुरुष पटेल के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा और यह यात्रा युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।”

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यूनिटी मार्च का दायरा हर वर्ष बढ़ता जा रहा है, और इस बार छत्तीसगढ़ की भागीदारी और भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा युवाओं को विविधता में एकता की भारतीय भावना को समझने का अनमोल अवसर देगी। वहीं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक होने वाले इस प्रेरक मार्च में शामिल होना युवाओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा और इससे राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना और प्रबल होगी। यूनिटी मार्च 2025 के लिए रवाना हुए सभी 68 युवा नागपुर में राष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पैदल मार्च में शामिल होंगे, जो देशभर में एकता और सद्भाव का संदेश प्रसारित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *