दुर्ग। जिले में धान खरीदी की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। टोकन नहीं मिलने और धान उठाव नहीं होने के कारण किसान भारी परेशानी में हैं। कई खरीदी केंद्रों में धान का उठाव न होने से जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में किसानों ने जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान श्री ठाकुर ने कहा कि किसानों की सबसे बड़ी समस्या टोकन की है। न तो ऑनलाइन और न ही ऑफलाइन टोकन मिल पा रहे हैं। कई किसान पिछले पखवाड़े भर से खरीदी केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि धान परिवहन नियमित रूप से नहीं होने के कारण खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था फैल रही है और जाम की स्थिति बन रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने टोकन लिमिट तत्काल बढ़ाने तथा नियमित रूप से धान उठाव एवं परिवहन शुरू करने की मांग की।
राकेश ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार दिनांक 15 दिसंबर तक टोकन लिमिट बढ़ाकर नियमित रूप से धान परिवहन शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर बुधवार दिनांक 17 दिसंबर को जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में तालाबंदी करेगी। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सोमवार देर शाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में तालाबंदी के संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। अब कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान बुधवार को दुर्ग ग्रामीण जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में तालाबंदी करेंगे।
श्री ठाकुर ने बयान जारी कर राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीयत में ही खोट है। किसानों की समस्याओं से बार-बार अवगत कराने के बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार अन्नदाता किसानों को प्रताड़ित कर रही है और जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा कर रही है, जिससे किसानों का धान नहीं खरीदा जा सके। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसान तय समय में अपना धान बेच नहीं पाएंगे। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हित में 17 दिसंबर को धान खरीदी केंद्रों में तालाबंदी का निर्णय लिया गया है।