मजदूर दिवस पर दुर्ग में कांग्रेस ने मनाया बोरे-बासी तिहार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हुए शामिल

दुर्ग। जिला कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आज 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर राजीव भवन, दुर्ग में बोरे-बासी तिहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मजदूरों के सम्मान में बोरे-बासी खाकर अपनी एकजुटता और समर्थन प्रकट किया।

कार्यक्रम में उपस्थित भूपेश बघेल ने कहा कि मजदूर दिवस हमारे श्रमिक साथियों के परिश्रम और समर्पण के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने मजदूरों के सम्मान में बोरे-बासी तिहार की परंपरा शुरू कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा दिया, जो आज भी जारी है।”

इस अवसर पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा मजदूरों और गरीबों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने मनरेगा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास में मील का पत्थर साबित हुई है। उन्होंने कोरोना काल में कांग्रेस सरकार द्वारा अन्य राज्यों से मजदूरों की सुरक्षित वापसी की भी सराहना की।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष गया पटेल, भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री गिरीश देवांगन समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोरे-बासी तिहार में हिस्सा लिया और मजदूरों के सम्मान में एकजुटता दिखाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *