
युवाओं को जोड़ने और संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस; दीपक बैज देंगे छत्तीसगढ़ का प्रेजेंटेशन
रायपुर। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए 29 जुलाई को नई दिल्ली में पार्टी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी करेंगे। इसमें देशभर के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभाओं में नेता प्रतिपक्ष शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी बैठक में हिस्सा लेंगे और राज्य की संगठनात्मक स्थिति पर प्रस्तुति देंगे।
बैठक में युवाओं के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व विभिन्न राज्यों से फीडबैक लेकर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार करेगा। छत्तीसगढ़ से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा प्रस्तावित है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रेजेंटेशन देंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्यों के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर भी निर्णय लिए जा सकते हैं।
इधर, भारतीय जनता पार्टी भी युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने में जुटी हुई है। भाजपा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति बनाई है। भाजपा की इस रणनीति पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा केवल षड्यंत्र की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से भाजपा का राजनीतिक चरित्र षड्यंत्र पर आधारित रहा है और युवाओं को साधने की उसकी कोशिश भी महज एक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।