
नागपुर रेलवे स्टेशन से दो आरोपी गिरफ्तार, 51.50 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में 70 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का घरेलू रसोइया निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर चोरी का लगभग पूरा माल बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू रसोइया महेन्द्र यादव ने अपने साथी पिंटू यादव के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी समता एक्सप्रेस से फरार होने की फिराक में थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के बाद आरपीएफ नागपुर के सहयोग से नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, सोने की गिन्नियां, चांदी के सिक्के और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी का लगभग पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा रिकॉर्ड समय में संभव हो सका। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और आरोपियों से अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।