“कांग्रेस सरकार ने पीडीएस की विश्वसनीयता खत्म की, अब उसे बहाल करेगा खाद्य आयोग: डॉ. रमन सिंह”

“पीडीएस में पारदर्शिता और भरोसे की बहाली का संकल्प: संदीप शर्मा ने संभाला खाद्य आयोग का दायित्व”

रायपुर।।छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में राज्य के पीडीएस सिस्टम की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा, जिसे अब खाद्य आयोग की निगरानी में फिर से बहाल किया जाएगा।डॉ. सिंह ने संदीप शर्मा की नियुक्ति को किसानों और आम नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा, “शर्मा जैसे जमीनी नेता की संगठन में दीर्घकालीन सेवा और भूपेश सरकार के खिलाफ मुखर भूमिका, उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है। अब राज्य में हर राशन दुकान की निगरानी खाद्य आयोग के अंतर्गत होगी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।”

आदिवासी क्षेत्रों में वितरण और शिकायतों की होगी निगरानी

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में चावल, नमक और चना वितरण को लेकर आयोग की अहम भूमिका होगी। साथ ही राशन दुकान, मध्याह्न भोजन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसे पोषण से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी भी आयोग करेगा। बघेल ने स्पष्ट किया कि शिकायतों की जांच और रिपोर्टिंग आयोग की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

“भूखा न सोए कोई” का संकल्प

नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भोजन का अधिकार अब संवैधानिक अधिकार बन चुका है और भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की प्रतिबद्धता दिखाई है।।उन्होंने कहा, “कोरोना काल में भी भाजपा सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि देश का कोई नागरिक भूखा न सोए। हम इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे कि प्रदेश के हर जरूरतमंद तक राशन और पोषण समय पर पहुंचे।” शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसानों को 13 हजार करोड़ रुपये प्रति वर्ष एकमुश्त राशि दी जा रही है, जिससे उन्हें अनाज बेचने में अतिरिक्त लागत नहीं लगती और 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ उन्हें मिल रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे। मंत्री दयालदास बघेल, रामविचार नेताम, टंकराम वर्मा, विधायक धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, रिकेश सेन, रोहित साहू, संपत अग्रवाल, और मीनल चौबे समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नेता एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *