कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह को जेल भेजा गया : पीएम मोदी पर अश्लील टिप्पणी का मामला, न्यायालय ने दिया न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश

भाजपा नेता की शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध, थाने में देर रात तक हुआ हंगामा, सोशल मीडिया पोस्ट बना गिरफ्तारी का आधार

दुर्ग ।  भिलाई के वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह को आज न्यायालय ने ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया। बृजमोहन सिंह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर फेसबुक पर की गई अश्लील टिप्पणी के चलते मामला दर्ज किया गया था।

मंगलवार को भाजपा नेता तुषार देवांगन ने वैशाली नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने बृजमोहन सिंह को हिरासत में लिया। बुधवार सुबह न्यायालय खुलते ही पुलिस ने बृजमोहन सिंह को पेश किया, जहां मजिस्ट्रेट ने केस डायरी के अवलोकन के बाद उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

भाजपा नेताओं ने जताया आक्रोश, देर रात तक थाने में डटे रहे

ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा नेताओं में गहरा आक्रोश था। देर रात वैशाली नगर थाना परिसर में भाजपा नेताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जब तक आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया, थाना परिसर में तनाव बना रहा। कुछ कांग्रेस नेता भी थाना पहुंचे लेकिन मामला गरमाने पर वे थोड़ी देर में वापस लौट गए।

फेसबुक पर की गई थी टिप्पणी

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले “ईश्वर दुबे” नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर ऑपरेशन सिंदूर और भाजपा को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। उसी पोस्ट पर बृजमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अभद्र और अश्लील भाषा में टिप्पणी की थी।

इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर त्वरित कार्रवाई की मांग की और थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

राजनीतिक हलकों में हलचल

इस गिरफ्तारी के बाद दुर्ग और भिलाई क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस खेमा जहां इस कार्रवाई को “राजनीतिक बदले की भावना” बता रहा है, वहीं भाजपा ने “जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने पर सजा मिलना जरूरी” बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *