कांग्रेस ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैयार किए मास्टर ट्रेनर: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, राजीव भवन में हुआ प्रशिक्षण

कांग्रेस ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैयार किए मास्टर ट्रेनर: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, राजीव भवन में हुआ प्रशिक्षण

रायपुर | छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति की है। शनिवार को राजीव भवन में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में PCC चीफ दीपक बैज, एसआईआर कमेटी के सह-संयोजक धनेन्द्र साहू और वरिष्ठ नेता रविन्द्र चौबे की उपस्थिति में इन मास्टर ट्रेनर्स को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनर जाएंगे सभी विधानसभा क्षेत्रों में
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि ये मास्टर ट्रेनर्स प्रदेश भर के 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बीएलए और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। नेताओं ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम षड्यंत्रपूर्वक न काटा जाए और पात्र व्यक्तियों का नाम जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। यह भी कहा गया कि मतदाता सूची के हर चरण पर बारीकी से निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही न हो। वरिष्ठ नेताओं—विनोद वर्मा, शैलेश नितिन त्रिवेदी और अन्य पदाधिकारियों—ने एसआईआर (Special Initiative for Revision) टीम को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया।
राजीव भवन में बन गया कंट्रोल रूम
एसआईआर की सतत निगरानी और समन्वय के लिए राजीव भवन में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इसमें सलाम रिजवी, चंद्रवती साहू, पल्लवी सिंह, पूजा देवांगन, लक्ष्मी देवांगन, साक्षी सिरमौर, दीप्तेश चटर्जी, अशोक चतुर्वेदी, गीता सिंह, प्रेमलता बंजारे, कविता वर्मा, प्रेरणा साहू, डिम्पल खान, दिनेश निर्मलकर, अनिल मित्तल, जयप्रकाश साहू, सादिक अली और मोहसिन खान जैसे सदस्य तैनात रहेंगे। यह टीम प्रदेशभर से आ रही जानकारी की मॉनिटरिंग करेगी और किसी भी अनियमितता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
संगठन ने दी सख्त हिदायत
प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह भी दोहराया गया कि कांग्रेस मतदाता सूची पुनरीक्षण को बेहद संवेदनशील और प्राथमिकता वाले कार्य के रूप में देख रही है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और हर बूथ पर पूरी सतर्कता बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *