रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को साजिश करार देते हुए कहा कि यह कांग्रेस और उसके नेतृत्व को बदनाम करने की सुनियोजित कोशिश है। दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा –आज फिर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ईडी की टीम भेज दी गई है। अब तक की तमाम जांचों में न ईडी, न सीबीआई और न ही ईओडब्ल्यू को कोई ठोस सबूत मिला है, लेकिन दबाव बनाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र की सत्ता द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई हुई हो। इससे पहले बजट सत्र के दौरान भी ईडी की टीमों ने भिलाई स्थित उनके आवास पर लगभग 11 घंटे तक छापेमारी की थी। उस दौरान स्वयं भूपेश बघेल ने बताया था कि उनके घर से लगभग 32 से 33 लाख रुपए नकद तथा कुछ दस्तावेज जब्त किए गए थे। उसी कार्रवाई में उनके पुत्र चैतन्य बघेल के निवास सहित प्रदेशभर के 14 स्थानों पर ईडी ने एक साथ दबिश दी थी। रायपुर, भिलाई सहित कई जिलों में यह अभियान चला था।
राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है, कांग्रेस इसे बदले की कार्रवाई बता रही है जबकि भाजपा ने अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।