दुर्ग, — दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिलेभर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) में मजदूरी के मानव दिवस की संख्या बढ़ाने की मांग की। राकेश ठाकुर ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने मनरेगा के तहत 42 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य तय किया था, जिसे भाजपा सरकार ने घटाकर पहले 32 लाख और फिर चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 18 लाख मानव दिवस कर दिया है। यह संख्या कुल आवश्यकता का केवल 35 प्रतिशत है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर सीधा असर पड़ा है।
ठाकुर ने कहा कि जिले में मनरेगा के तहत करीब 1.5 लाख पंजीकृत मजदूर हैं, लेकिन अब केवल 10 हजार को ही काम मिल पा रहा है। पिछले वर्षों में यह संख्या 40-50 हजार तक रहती थी। रोजगार की कमी के कारण मजदूरों को अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 14 मई तक 42 लाख मानव दिवस बहाल नहीं किए गए, तो ग्रामीण, किसान और मजदूर झौआ, टोकना, धमेला लेकर 16 मई को जिला कलेक्ट्रेट में बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व धमधा नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव गुप्ता, जामवंत गजपाल, हीरा वर्मा, जिला पंचायत सदस्य उषा सोनवानी, विक्रांत अग्रवाल, प्रकाश ठाकुर, उमेश साहू, विशाल देशमुख, मन्नू यादव, उमेश बंजारे, कृष्णा देवांगन, संतलाल बंजारे, मुकेश साहू और कलीम खान आदि शामिल थे।