दुर्ग/रायपुर, 1 फरवरी 2026। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बजट को किसान-विरोधी, गरीब-विरोधी और छत्तीसगढ़ के साथ भेदभावपूर्ण करार दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस बजट में महंगाई, कृषि और आम जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। दुर्ग में बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे पूरी तरह निराशाजनक और दिशाहीन बताया। उन्होंने कहा कि बजट में न तो किसानों के लिए कोई ठोस योजना है और न ही उद्योगों व रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप नजर आता है। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने शराब को महंगा और मछली को सस्ता कर दिया, लेकिन विकास की दिशा कहीं दिखाई नहीं देती।
भूपेश बघेल ने कहा कि मध्यम वर्ग को इस बजट से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन आयकर स्लैब में कोई राहत नहीं दी गई। बढ़ती महंगाई के दौर में टैक्स में छूट न देना आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने बजट के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट की कमजोरी को दर्शाता है।
वहीं पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कुछ भी खास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनिंदा राज्यों और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, जबकि छत्तीसगढ़ की उपेक्षा की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं और सबसे ज्यादा नुकसान किसानों व गरीब तबके को उठाना पड़ रहा है।