विकसित भारत की मजबूत नींव है केंद्रीय बजट 2026-27 — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

विकसित भारत की मजबूत नींव है केंद्रीय बजट 2026-27 — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 1 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखा गया है। बजट तीन प्रमुख कर्तव्यों—आर्थिक विकास व रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’—की भावना को सशक्त करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा और व्यापक लाभ मिलेगा।

कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कई ठोस प्रावधान किए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन व डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने के साथ ही महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के माध्यम से स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीण रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही विदेश यात्रा और विदेशों में शिक्षा भी पहले की तुलना में सस्ती होगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर ऊंचा होगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। वहीं हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योग, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी बजट में बड़े फैसले किए गए हैं। 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क, खनिज कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मिशन में 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। कर सुधारों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाकर छोटे करदाताओं को राहत दी गई है। दवाइयों, कपड़ों, जूतों, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक, विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *