
दुर्ग, 25 जुलाई 2026। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) एवं दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में शनिवार को दुर्ग शहर में विजय मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने किया। विजय मार्च की शुरुआत जेआरडी स्कूल के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से हुई और पटेल चौक पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने इसे देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं और आम जनता के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लाखों विद्यार्थियों, अभिभावकों और युवाओं के संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने लगातार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है और शांतिपूर्ण आंदोलन के सामने सरकार को अंततः झुकना पड़ा। राकेश ठाकुर ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। केंद्र सरकार को नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जाए। उन्होंने आंदोलन के दौरान छात्रों एवं कांग्रेस नेताओं पर दर्ज सभी प्रकरण वापस लेने तथा प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला है और परीक्षा प्रणाली पर विद्यार्थियों का विश्वास बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा तो देश का भविष्य भी प्रभावित होगा। कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा में पारदर्शिता के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। विजय मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा जवाबदेह एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित इस मार्च में पुकेश चंद्रकार, प्रमोद राजपूत, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रकाश ठाकुर, राजेश यादव, संजय कोहले, करीम खान, संतलाल बंजारे सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।