दुर्ग, 20 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला गंभीर मामला सामने आया है। भिलाई-3 थाने में पदस्थ आरक्षक अरविंद मेढ़े पर एक महिला ने छेड़छाड़, गलत तरीके से छूने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, वहीं एसएसपी विजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से उसे सस्पेंड कर दिया है।
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिला का बेटा पॉक्सो मामले में जेल में बंद है। महिला का आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाते हुए आरक्षक अरविंद ने उससे संपर्क किया और बेटे को छुड़वाने की बात कहकर उसे झांसे में लिया। महिला के अनुसार, मंगलवार को आरक्षक ने उसे चरोदा बस स्टैंड पर बुलाया। महिला ने बताया कि वहां पहुंचने पर आरक्षक ने पहले गलत तरीके से उसे छुआ और फिर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब महिला ने मना करते हुए कहा कि वह पीरियड में है, तो आरक्षक ने और भी शर्मनाक हरकत करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट को छूकर “चेक” किया। पीड़िता के मुताबिक इसके बाद आरक्षक ने उसे 2 दिन बाद दोबारा मिलने के लिए कहा। इस बीच वह बार-बार फोन कर महिला पर मिलने का दबाव बनाता रहा। परेशान होकर महिला ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई।
• हिंदूवादी संगठन ने थाने का घेराव किया
जैसे ही मामला सामने आया, हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुरानी भिलाई थाने का घेराव कर दिया। संगठन की ज्योति शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने आरोपी आरक्षक पर अपराध दर्ज करने और तत्काल निलंबन की मांग की। बढ़ते विवाद को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने आरक्षक मेढ़े को तुरंत सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने CSP भारती मरकार को जांच सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस कार्रवाई जारी है और पूरे प्रकरण की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है।