
प्रेमिका को दूसरी पत्नी बनाकर घर लाया युवक, परिवार और ग्रामीणों के विरोध के बाद उठाया खौफनाक कदम
कूदने की धमकी देता रहा युवक
धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भेंडरा में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर युवक को चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम भेंडरा निवासी यादराम साहू पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में वह अपनी प्रेमिका के साथ दूसरी शादी कर उसे घर लेकर पहुंचा था। युवक की इस हरकत से परिवार और ग्रामीण नाराज हो गए, जिसके बाद गांव में विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि परिवार और ग्रामीणों के विरोध से आहत युवक शनिवार सुबह गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। टावर के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही थी, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। युवक ऊपर से लगातार कूदने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
घटना की सूचना मिलने पर भखारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने युवक को काफी देर तक समझाइश दी। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद गांववालों और पुलिस ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार को भी टावर पर चढ़ गया था, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने समझाकर उसे नीचे उतार लिया था। लगातार दो दिनों तक हुई इस घटना से गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।