रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब इलाके में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक मुस्लिम अधिवक्ता द्वारा कथित रूप से हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार राजातालाब निवासी अंजुम खान, जो पेशे से अधिवक्ता बताया जा रहा है, ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की शुभकामनाओं के साथ कथित तौर पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। पोस्ट में हिंदुओं को लेकर भी अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया था। यह स्टेटस सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ता तुलेश यादव ने 14 मार्च को यह पोस्ट देखने के बाद इस पर आपत्ति जताई। इसके अगले दिन संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ वे सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से यह टिप्पणी की है। उनका कहना है कि धार्मिक आस्थाओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस सतर्क हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र और राजातालाब इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।