
सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे होने पर 6 जुलाई तक चलेगा अभियान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे राज्य स्तरीय चिंतन शिविर का शुभारंभ
रायपुर, 26 जून 2026। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी ‘सहकारी सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में सहकारिता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन रायपुर में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप अध्यक्षता करेंगे। सहकारी सप्ताह की तैयारियों को लेकर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 23 जून को विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की पैक्स समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों और संभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी सहकारी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश की 2573 पैक्स समितियों के साथ दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों में सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठियां तथा एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे। सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत प्रदेश के 9 पैक्स गोदामों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा।
राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर एवं सहकार मेला 3 और 4 जुलाई को रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, लाभांडी में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ सहित कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थाएं भाग लेंगी। सहकार मेले में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और सफल मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों और ग्रामीण उद्यमियों को विभिन्न सहकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन, व्यापक जनभागीदारी और सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता, मार्कफेड के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल, रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह, जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, अंबिकापुर के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह सहित अपेक्स बैंक, मार्कफेड, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और अन्य सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।