अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर पालकों को किया जागरूक, बच्चों को नशे से बचाने का दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर पालकों को किया जागरूक, बच्चों को नशे से बचाने का दिया संदेश

रायपुर, 26 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संकल्प नशा मुक्ति केंद्र शंकर नगर रायपुर, स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटिंग एजेंसी, आउटरीच ड्रॉप-इन सेंटर एवं कम्युनिटी बेस्ड पीयर-लेड इंटरवेंशन के संयुक्त तत्वावधान में नया रायपुर स्थित क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के पालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने नशे के दुष्परिणाम, बचाव एवं उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांश बच्चे अपने घर के बड़े सदस्यों, विशेषकर पिता को नशा करते देखकर इसकी ओर आकर्षित होते हैं। साथ ही आजकल बच्चे दैनिक उपयोग की वस्तुओं का भी नशे के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। नशे की लत के कारण कई बच्चे अपराध की ओर बढ़ रहे हैं और नशीले पदार्थों की खरीद के लिए चोरी जैसी घटनाओं में भी शामिल हो रहे हैं।

पालकों से अपील की गई कि वे बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताएं, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की आशंका होने पर नशा मुक्ति केंद्रों से तत्काल संपर्क करें। उन्हें स्वयं भी नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया, क्योंकि इसके दुष्परिणाम वृद्धावस्था में गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आते हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने नशा मुक्ति, बचाव और उपचार से जुड़े प्रश्न पूछे। आयोजन को सफल बनाने में संकल्प संस्था के सदस्यों एवं क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *