
रायपुर। नशा मुक्ति एवं उससे संबंधित उपचार के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से संकल्प सांस्कृतिक समिति के निर्देशन में संकल्प द्वारा संचालित SLCA की ओर से रायपुर में राज्य स्तरीय तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तेलीबांधा स्थित होटल रॉयल इन में आयोजित इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नशा मुक्ति एवं उन्मूलन के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के काउंसलर, आउटरीच वर्कर एवं सोशल वर्कर शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों के उपचार, काउंसलिंग, पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ में इस क्षेत्र में दक्षता रखने वाले विभिन्न मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को अलग-अलग सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के दौरान नशा मुक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं, उपचार प्रक्रिया, काउंसलिंग तकनीक, फील्ड स्तर पर कार्य करने की रणनीति तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारों के साथ प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ में संचालित IRCA, ODIC एवं CBPLI जैसी नशा मुक्ति सेवाओं से जुड़े काउंसलर, सोशल वर्कर और आउटरीच वर्करों ने भाग लिया। तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान किया गया।
आयोजकों के अनुसार, नशे के बढ़ते प्रभाव से निपटने के लिए केवल उपचार ही नहीं, बल्कि समय पर काउंसलिंग, जागरूकता, पुनर्वास और समाज की सहभागिता भी आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं की दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।