YC न्यूज़ डेस्क । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिन सरकार के प्रमुख रहने के साथ ही उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 22 मार्च 2026 तक नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री 4,318 दिन पूरे कर चुके हैं। इससे पहले वे गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं और देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव है।
• मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का लंबा सफर–
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वे 2002, 2007 और 2012 में लगातार चार बार मुख्यमंत्री बने। लगभग 14 वर्षों तक राज्य का नेतृत्व करने के बाद उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वर्तमान में वे तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री हैं।
•इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा, नेहरू से अभी पीछे
लगातार कार्यकाल के लिहाज से भी मोदी देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन चुके हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। हालांकि, सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी जवाहरलाल नेहरू के नाम है, जिन्होंने 6,126 दिन तक यह पद संभाला। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए मोदी को 2029 के बाद भी पद पर बने रहना होगा।
•चामलिंग का भी रहा लंबा कार्यकाल
पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने 12 दिसंबर 1994 से 26 मई 2019 तक लगभग 24 साल 165 दिन तक सिक्किम का नेतृत्व किया। उन्होंने ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा था और लगातार पांच बार चुनाव जीतकर सत्ता में बने रहे। उनके कार्यकाल में सिक्किम देश का पहला 100% ऑर्गेनिक राज्य बना और विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम हुए।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड भारतीय राजनीति में लंबे समय तक नेतृत्व और स्थिरता का एक बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।