
रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपनी छह माह की बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया है। फिलहाल मासूम का आईसीयू में इलाज चल रहा है।.मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपी पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके जाने की बात पर पत्नी से हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक-35, मकान नंबर-01 में रहने वाली सरगम कावरिया ने शिकायत में बताया कि करीब नौ महीने पहले उसने आशीष कावरिया से कोर्ट मैरिज की थी।.शिकायत के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम वह समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से घर लौटी थी। रात करीब नौ बजे उसका पति घर आया और मायके जाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि देर रात करीब डेढ़ बजे विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मां के विरोध के बाद भी बच्ची को दोबारा पटका
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। जब मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इस घटना के बाद मासूम बेहोश हो गई। बच्ची की हालत देखकर परिजनों को बुलाया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सोमवार को आरोपी आशीष कावरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मासूम की जिंदगी के लिए दुआएं: पारिवारिक विवाद का असर एक छह माह की बच्ची पर पड़ने की इस घटना ने बाल सुरक्षा और घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं