नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन आसान : डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, स्पेशल ट्रेन भी चलेगी

रायपुर। आगामी चैत्र नवरात्री के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नवरात्रि के दौरान माँ बम्लेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए Dongargarh रेलवे स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी स्टॉपेज दिया गया है। यह व्यवस्था 19 मार्च से 27 मार्च तक लागू रहेगी। हर साल नवरात्र के अवसर पर डोंगरगढ़ में भव्य मेला लगता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस बार अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार कुछ लोकल ट्रेनों का रूट बढ़ाया गया है, जबकि एक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन भी चलाई जाएगी।

  • 68742/68741 गोंदिया–दुर्ग–गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक विस्तारित किया गया है।
  • 68729/68730 रायपुर–डोंगरगढ़–रायपुर मेमू पैसेंजर का विस्तार गोंदिया तक किया गया है।
  • 06886/06885 डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।

इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्र के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

प्रशासन ने भी की विशेष तैयारियां

इधर नवरात्र के दौरान मेला और पदयात्रा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। Jitendra Yadav ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। पदयात्रियों के लिए रास्ते में ओआरएस घोल, दवाइयां और मरहम-पट्टी की व्यवस्था की जाएगी। अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को आराम, पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की सुविधा मिलेगी।

प्लास्टिक मुक्त मेला और कड़ी सुरक्षा

नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। मंदिर परिसर और मेला स्थल पर लगातार साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैनात की जाएगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों पर रेडियम संकेतक, रिफ्लेक्टर और अस्थायी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। रोपवे की तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट से फिटनेस सर्टिफिकेट और मेंटेनेंस रिपोर्ट भी ली गई है। प्रशासन के अनुसार इन सभी तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नवरात्र के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *