नाली में मिला नवजात का शव, इलाके में सनसनी: CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अस्पतालों-क्लीनिकों से जुटाई जा रही जानकारी

नाली में मिला नवजात का शव, इलाके में सनसनी: CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अस्पतालों-क्लीनिकों से जुटाई जा रही जानकारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के बिरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नाली में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-24 का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ राहगीरों की नजर नाली में कपड़े में लिपटे नवजात पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल उरला थाना पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि किसी ने जन्म के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और दाइयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।

इस घटना ने छह महीने पहले मेकाहारा अस्पताल परिसर में मिले भ्रूण मामले की भी याद ताजा कर दी है। उस मामले में भी अस्पताल परिसर के कचरा डिब्बे में भ्रूण मिला था। जांच में सामने आया था कि दो महिला और दो पुरुष अलग-अलग स्कूटी से पहुंचे थे और भ्रूण फेंककर फरार हो गए थे। CCTV फुटेज मिलने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। फिलहाल उरला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *