महासमुंद, 13 अप्रैल 2026। महासमुंद जिले से पुलिस पर हमले की एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। आबकारी मामले में फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी (टीआई) समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ ग्राम पचरी में फरार आरोपी विजय और विनोद मार्कंडेय को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। जैसे ही पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने की कोशिश की, उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके परिजन और अन्य ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान पुलिसकर्मियों के सिर, सीने और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। महिला आरक्षक सहित कई जवान लहूलुहान हो गए। उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन पर भी पथराव कर कांच तोड़ दिए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना के बीच आरोपी की बहन हेमा मार्कंडेय पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गई, ताकि गिरफ्तारी को रोका जा सके। हालांकि महिला आरक्षकों की सूझबूझ से उसे हटाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम आरोपियों को थाने ले जाने में सफल रही। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं लक्की, गुलशन और गजेंद्र मार्कंडेय अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। इलाके में फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।