समर्पण निशुल्क कोचिंग क्लास के शिक्षक यमन साहू का CISF में चयन, ग्राम आगेसरा में हर्ष

जामगांव आर । ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू द्वारा संचालित समर्पण निशुल्क कोचिंग क्लास से जुड़ी एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। कोचिंग क्लास में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे यमन साहू का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल समर्पण कोचिंग क्लास बल्कि पूरे ग्राम पंचायत आगेसरा में हर्ष और गर्व का माहौल है। श्री साहू के CISF में चयन पर कोचिंग क्लास के संचालक सरपंच रमाकांत साहू, ग्राम पंचायत के समस्त पंचों एवं ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि समर्पण निशुल्क कोचिंग क्लास आज युवाओं के लिए एक सशक्त करियर प्लेटफॉर्म के रूप में उभर रही है, जहां से निरंतर सफलता की मिसालें सामने आ रही हैं।
अपनी सफलता के बारे में श्री यमन साहू ने बताया कि वे समर्पण कोचिंग क्लास में बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ दर्शन अकैडमी दुर्ग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से स्वयं भी अध्ययन करते थे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहनों और परिवार के सहयोग को दिया।

गौरतलब है कि यमन साहू के पिता सुखनंदन साहू एवं माता कुसुम साहू कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। शिक्षक से CISF तक के इस प्रेरणादायी सफर पर समर्पण कोचिंग क्लास के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *