2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग, शिक्षा मंत्री के बंगले का 11 दिन में दूसरी बार घेराव; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गाड़ी में बैठाकर हटाया

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को अभ्यर्थियों ने 11 दिनों के भीतर दूसरी बार शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के बाहर पहुंचे और नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।

इससे पहले 5 नवंबर को भी डीएड अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के बंगले में पहुंचकर धरना दिया था। इसके बावजूद मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।

11 महीने से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी

डीएड अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रदर्शन करने और सरकार व प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसी के चलते अब वे लगातार विरोध प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के पालन की मांग

यह पूरा मामला वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा हुआ है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्तियां निरस्त होने के बाद रिक्त हुए पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।

प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेशों के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।

कैंडल मार्च से दंडवत यात्रा तक कर चुके हैं प्रदर्शन

नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थी पिछले कई महीनों में अलग-अलग तरीकों से विरोध दर्ज करा चुके हैं। इसमें कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन शामिल हैं। इसके अलावा कई बार सरकार और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग 2300 रिक्त सहायक शिक्षक पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति करने और भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए सरकार की ओर से निश्चित समय-सीमा घोषित करने की है। अब देखना होगा कि लगातार जारी आंदोलन के बीच सरकार इस मामले में कब तक कोई ठोस निर्णय लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *