जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय जामगांव आर में बाल दिवस के अवसर पर उत्साह और उल्लास के साथ भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता, पाक कला और प्रबंधन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन विद्यालय की प्राचार्या कविता साहू के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत जामगांव आर के सरपंच रूपेंद्र शुक्ला एवं शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष अंगेश्वर साहू सहित विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। बाल मेले में विद्यार्थियों के साथ पालकों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। बच्चों द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल मेले में शिक्षकों और पालको ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए पकवानों का स्वाद चखा और उनके पाक कौशल, रचनात्मकता तथा व्यवस्थापन क्षमता की सराहना की।
इस अवसर पर प्राचार्या कविता साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में आत्मनिर्भरता, आर्थिक समझ, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे व्यावहारिक गुण विकसित होते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक विभाग की प्रधान पाठिका खैरून निशा खान, माध्यमिक विभाग के सीएल साहू एवं सुशीला निर्मल सहित हायर सेकेंडरी विभाग के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालयीन स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। बाल मेले ने विद्यार्थियों को सीखने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सामूहिक सहभागिता का एक बेहतर अवसर प्रदान किया।