जामगांव आर में CHC की मांग तेज, जिपं सभापति कल्पना ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन, CMO के अभिमत से अवगत भी कराया

जामगांव आर। दुर्ग जिले के पाटन तहसील अंतर्गत जामगांव (आर) में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खोलने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। जिला पंचायत दुर्ग की सदस्य एवं जल जीवन मिशन समिति की सभापति कल्पना नारद साहू ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाक़ात कर ज्ञापन सौपते हुए इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि जामगांव (आर) क्षेत्र एक प्रमुख एवं विस्तृत ग्राम पंचायत है, जो न केवल प्रशासनिक बल्कि शैक्षणिक, व्यावसायिक और राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसके बावजूद यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का गंभीर अभाव बना हुआ है, जिससे क्षेत्रीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने उल्लेख किया कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक गांवों के लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं, लेकिन पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है। आसपास के उप-स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी लगभग 69 गांवों की निर्भरता है, जिससे वहां अत्यधिक दबाव बना हुआ है। पत्र में यह भी बताया गया कि वर्ष 2017 में लोक सुराज अभियान के दौरान स्वयं तत्कालीन अधिकारियों द्वारा जामगांव (आर) में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की आवश्यकता को स्वीकार किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


श्रीमती साहू ने क्षेत्र की भौगोलिक एवं जनसंख्या स्थिति को देखते हुए जामगांव (आर) में शीघ्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे न केवल स्थानीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि आसपास के अस्पतालों पर भी भार कम होगा।
उन्होंने सरकार से इस मांग को जनहित में गंभीरता से लेते हुए आवश्यक स्वीकृति और कार्यवाही जल्द सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *